Jharkhand

धनबाद: पार्षदों की नाराजगी दूर करने में जुटा निगम,141.82 करोड़ के विकास प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भेजने का निर्णय

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक में शनिवार को कई बड़े  फैसले लिए गए.  नागरिक सुविधाओं को फोकस में रखा गया.  नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत विकास कार्यों के लिए कल 141.8 2 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया  बैठक की अध्यक्षता मेयर संजीव सिंह ने की, संचालन नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने किया।  उप महापौर अरुण चौहान भी मौजूद थे. 

 बैठक में पार्षदों की नाराजगी को दूर करने के लिए कई प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.  पार्षदों के प्रमुख मांगों  को स्वीकार करते हुए बोर्ड ने स्वच्छता के लिए पूर्व में गठित क्विक रिस्पांस टीम को 15 अगस्त के बाद भंग करने का निर्णय लिया गया.  इसके स्थान पर अब निगम के प्रत्येक वार्ड को बुनियादी स्तर पर मजबूत करने के लिए 15 -15 सफाई कर्मचारी आवंटित किए जाएंगें।  शहर के विभिन्न वार्डों में आवश्यकता अनुसार पोल  सहित एलइडी स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.  

पर्यावरण संरक्षण और जल संचय को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तालाबों के सौंदरीकरण और साफ सफाई के लिए लगभग दो करोड रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई.  उल्लेखनीय है कि धनबाद निगम के पार्षद नाराज चल रहे थे.  उन लोगों का आरोप था कि उन्हें तरजीह  नहीं मिल रही है.  उनके वार्ड में मजदूरों की संख्या भी कम है.  ऐसे में लोगों के कोपभाजन  का उन्हें शिकार होना होता है.  सूत्र बताते हैं कि आज की बैठक में पार्षदों की शिकायत को दूर करने का प्रयास किया गया है.