Jharkhand

धनबाद: रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई! ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस से 66.75 लीटर अवैध शराब बरामद

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले के रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF की स्पेशल टास्क टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गश्त के दौरान टीम ने हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस यानी ट्रेन संख्या 13051 के पिछले जनरल कोच से भारी मात्रा में शराब बरामद की. ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुंचने के बाद RPF जवानों ने कोच की तलाशी शुरू की. इसी दौरान तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैले संदिग्ध हालत में पड़े मिले. आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी इन पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया. इसके बाद RPF ने सभी बैगों की तलाशी ली.

तलाशी के दौरान बैग और थैलों से कुल 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद की गई. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 20,460 रुपये बताई गई है. खास बात यह है कि बरामद शराब और बियर की बोतलों पर FOR SALE IN WB ONLY लिखा हुआ था. इससे आशंका जताई जा रही है कि शराब को पश्चिम बंगाल से दूसरे राज्यों या प्रतिबंधित क्षेत्रों में पहुंचाने की तैयारी थी. ट्रेन के कम समय के ठहराव को देखते हुए RPF टीम ने बैग को प्लेटफॉर्म के हावड़ा छोर पर उतारा और शनिवार को गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की प्रक्रिया पूरी की.

इस कार्रवाई के बाद जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग धनबाद को सौंपने की तैयारी है. RPF पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है. फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब किसने ट्रेन में रखी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. साथ ही तस्करी के पीछे शामिल लोगों और शराब के वास्तविक स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है. RPF की इस कार्रवाई से रेलवे मार्ग के जरिए अवैध शराब की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है.