Jharkhand

धनबाद कुंदन प्रसाद रवानी हत्याकांड: कोर्ट के आदेश पर फरार आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
धनबाद कुंदन प्रसाद रवानी हत्याकांड: कोर्ट के आदेश पर फरार आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमारधुबी स्टेशन रोड स्थित एक आवास पर सोमवार को पुलिस एवं मजिस्ट्रेट की संयुक्त उपस्थिति में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई.यह कार्रवाई वर्ष 2025 में हुए कुंदन प्रसाद रवानी हत्याकांड से जुड़ी है, जिसने उस समय पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी.

लगातार छापेमारी के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं

मामले में मृतक की पत्नी कविता देवी के लिखित बयान के आधार पर चिरकुंडा थाना में कई आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी.दर्ज नामों में मुन्नी देवी, बिट्टू महतो, अजय महतो, रजनी कुमारी, संजना कुमारी, राहुल गोस्वामी एवं हरप्रीत सिंह सलूजा शामिल है. पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं और लगातार छापेमारी के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

अदालत के आदेश पर उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती

न्यायालय द्वारा बार-बार समन एवं नोटिस जारी किए जाने के बावजूद जब आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए, तो अदालत के आदेश पर उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. इसी आदेश के आलोक में पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच मजिस्ट्रेट की देखरेख में कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई.इस दौरान संबंधित घर में मौजूद सामानों की सूची तैयार कर विधिवत जब्ती की गई और पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत संपन्न हुई.पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की गई है साथ ही उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा.

रिपोर्ट-नीरज कुमार