☰
Jharkhand

‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजनाओं के क्रियान्वयन में धनबाद झारखंड में बेस्ट, सीएम के हाथों डीडीसी सम्मानित 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद : झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को  रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में धनबाद जिले का ‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए  मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन  ने उप विकास आयुक्त  सन्नी राज को सम्मानित किया। इस संबंध में उप विकास आयुक्त  ने बताया कि उपायुक्त  आदित्य रंजन के निर्देशानुसार राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान संचालित रोजगार सृजन अभियान में धनबाद जिले ने सर्वाधिक योजनाओं का क्रियान्वयन प्रारंभ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को गति प्रदान करने में सराहनीय प्रदर्शन किया है. 

उन्होंने बताया कि इस आलोक में आज खेलगाँव, राँची में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में धनबाद जिले को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया है। उप विकास आयुक्त ने बताया कि 'विकसित भारत - रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' के तहत चल रहे अभियान में धनबाद जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य के सभी 24 जिलों में पहला स्थान हासिल किया है.  15 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक धनबाद जिले में कुल 2,363 योजनाएं संचालित की गई, जो राज्य में सर्वाधिक हैं.  जिले की कुल 256 ग्राम पंचायतों में से 205 पंचायतों में मनरेगा के तहत कार्य किए गए.  प्रति ग्राम पंचायत योजनाओं का औसत 11.5 रहा है, जो राज्य के औसत 1.8 से कई गुना अधिक है. 

संचालित योजनाओं का तिथिवार विवरण देते हुए उप विकास आयुक्त ने बताया कि 15 नवंबर से 21 नवंबर तक 926 योजनाएं संचालित की गई। 22 नवंबर को 525, 23 नवंबर को 89, 24 नवंबर को 123, 25 नवंबर को 188, 26 नवंबर को 267 तथा 27 नवंबर को 245 सहित 2,363 योजनाएं संचालित की गई। 
वहीं धनबाद जिले की उपलब्धि पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने उप विकास आयुक्त सहित उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि योजनाओं की निरंतर प्रगति और उच्च औसत के साथ धनबाद जिले ने ग्रामीण रोजगार सृजन में अपनी अग्रणी स्थिति दर्ज कराई है। जो इस जिले के लिए गौरव का विषय है।