Jharkhand

बॉक्सिंग रिंग में चमकीं धनबाद की बेटियां, नेशनल में बनाई जगह

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बॉक्सिंग रिंग में चमकीं धनबाद की बेटियां, नेशनल में बनाई जगह

धनबाद : (DHANBAD) : जिले के तीन बेटियों ने बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद खुशी कुमारी, मनुश्री कुमारी और कीर्ति सिंह का चयन राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है. अब ये तीनों खिलाड़ी पंजाब के जालंधर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.

जिले का नाम रोशन किया

बेटियों ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है. बॉक्सिंग के रिंग में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर धनबाद बॉक्सिंग ट्रेनिंग सेंटर की तीन युवा मुक्केबाजों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है. पंजाब के जालंधर में आयोजित होने वाली 5वीं अंडर-15 सब-जूनियर बालक एवं बालिका राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में ये खिलाड़ी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में खुशी कुमारी, मनुश्री कुमारी और कीर्ति सिंह शामिल हैं. तीनों खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित 18वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था. उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है.

खुशी कुमारी ने 49 से 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं मनुश्री कुमारी ने 55 से 58 किलोग्राम भार वर्ग में अपने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके अलावा कीर्ति सिंह ने 58 से 61 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी

अब ये तीनों खिलाड़ी 23 जून से 29 जून 2026 तक पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाली 5वीं अंडर-15 सब-जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी भाग लेंगे, जहां धनबाद की ये बेटियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी.

धनबाद बॉक्सिंग ट्रेनिंग सेंटर के एनआईएस क्वालिफाइड कोच अभिमन्यु कुमार ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी ये खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करते हुए झारखंड और धनबाद का नाम रोशन करेंगी.

खुशी का माहौल

खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है. अब सभी की निगाहें राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां धनबाद की ये तीनों बेटियां अपने दमदार पंच के दम पर नई सफलता की कहानी लिखने को तैयार हैं.

रिपोर्ट – नीरज कुमार