Jharkhand

धनबाद: रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, फर्जी डीआरएम कर्मचारी मंटू कुमार गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

धनबाद(DHANBAD): रेल मंडल में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा खुलासा हुआ है.  खुद को डीआरएम (DRM) कार्यालय का कर्मचारी बताकर बेरोजगार युवाओं को ठगने वाले एक शातिर युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रंगे हाथों दबोच लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पाथरडीह के भाटडीह निवासी मंटू कुमार के रूप में हुई है. आरोपी लंबे समय से बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बना रहा था और रेलवे में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे अब तक लाखों रुपये ऐंठ चुका था.

मिली जानकारी के अनुसार, मंटू कुमार खुद को रेल अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और फिर मोटी रकम वसूलता था. उसने वर्द्धमान की रहने वाली कल्पना राय से रेलवे की वेंडिंग मशीन में टिकट जारी करने की नौकरी दिलाने के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये की ठगी की थी. इसी तरह जमुई के रहने वाले सूरज भान ठाकुर से भी नौकरी के नाम पर 18 हजार 700 रुपये ऐंठ लिए गए थे. बुधवार की देर शाम आरोपी एक और युवक को झांसा देकर डीआरएम कार्यालय लाया था, जहाँ उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर युवक को शक हो गया और उसने तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ को दे दी.

सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मंटू कुमार को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बेरोजगार युवाओं से नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठने की बात स्वीकार कर ली है. आरोपी ने बताया कि उसका परिवार पूजा भंडार की दुकान चलाता है और आर्थिक तंगी के कारण उसने ठगी का यह रास्ता चुना. आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को स्थानीय थाना पुलिस के हवाले कर दिया है. पुलिस ने बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे ठगों से सावधान रहें और रेलवे में नौकरी के नाम पर किसी को पैसे न दें.

रिपोर्ट- नीरज कुमार