धनबाद (DHANBAD): निरसा के बहुचर्चित पुलिस मुठभेड़ कांड में घायल उत्तर प्रदेश का शार्प शूटर सागर उर्फ शिबू को अस्पताल से कुछ घंटे के भीतर छुट्टी मिल सकती है. सूत्र बता रहे हैं कि उसे सोमवार को SNMMCH से डिस्चार्ज किया जा सकता है. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है. मुठभेड़ में शिबू के दोनों पैर में गोलियां लगी है. घायल शिबू को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जानकारी के अनुसार स्थिति में सुधार के बाद शिबू को इमरजेंसी के आईसीयू से कैथलैब बिल्डिंग में स्थानांतरित कर दिया गया है. वहां पर पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्थाई कैदी वार्ड बनाया गया है.
डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति में सुधार है और अब उसे आईसीयू में निगरानी की जरूरत नहीं है. उल्लेखनीय है कि बुधवार को निरसा के हाथबाड़ी में मुठभेड़ के बाद शिबू को हिरासत में ले लिया गया था. यह मुठभेड़ हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजीडेंसी में हुई थी. दरअसल, पुलिस को सूचना मिली कि यूपी का शूटर निरसा में ठहरा हुआ है. इसी सूचना के बाद पुलिस परिसर में छापेमारी की. पुलिस ने परिसर को पहले चारों तरफ से घेर लिया था. शिबू को पुलिस पहुंचने की भनक मिलने के बाद वह पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस दल ने भी फायर किया.
इसी क्रम में शिबू के पैर में गोली लगी थी. चर्चा थी कि कुख्यात शूटर शिबू कई दिनों से निरसा में ठहरा हुआ था. उसका गैंग धनबाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था, लेकिन पुलिस ने गैंग के मंसूबे को ध्वस्त कर दिया. बताया गया था कि शिबू सहित कुल पांच लोगों के धनबाद पहुंचने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और मंगलवार से ही छापेमारी शुरू की गई थी. जैसे-जैसे छापेमारी आगे बढ़ी, पुलिस को लीड मिलती गई. पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी निरसा में ठहरा हुआ है. फिर पुलिस पहुंची और सरेंडर करने को कहा तो फायरिंग शुरू कर दी गई. पुलिस के अनुसार उसने अत्याधुनिक 9 एमएम पिस्टल से फायरिंग शुरू की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.
