Jharkhand

धनबाद: मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, उपद्रवियों को पुलिस की सख्त चेतावनी

Rashmi Prasad CE
Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर् और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. इसी सिलसिले में सोमवार को धनबाद के न्यू टाउनहॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जिले के उपायुक्त (डीसी) आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से विधि व्यवस्था की समीक्षा की. इस मौके पर टुंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मथुरा प्रसाद महतो सहित जिला प्रशासन के कई अन्य वरीय अधिकारी, सभी थानों के प्रभारी और डीएसपी मुख्य रूप से मौजूद रहे.

बैठक के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों और प्रबुद्ध नागरिकों ने अपने-अपने इलाकों की स्थानीय समस्याओं, संवेदनशील स्थलों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझावों को प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखा. जिला प्रशासन ने सभी सदस्यों की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के त्वरित निष्पादन का भरोसा दिया. इसके साथ ही बैठक में मुहर्रम जुलूस के रूट, ट्रैफिक व्यवस्था, बिजली-पानी की आपूर्ति और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं जैसे बुनियादी इंतजामों को समय रहते दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए.

उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने कड़े लहजे में निर्देश देते हुए साफ किया कि त्योहार के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों, भड़काऊ पोस्ट डालने वालों और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष साइबर सेल पैनी नजर रख रही है. डीसी ने कहा कि शांति भंग करने की जरा सी भी कोशिश करने वालों के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम जनता बिना किसी भय के भाईचारे के साथ त्योहार मना सके.

रिपोर्ट- नीरज कुमार