Jharkhand

धनबाद के निरंकुश और मदमस्त कोयला चोरों ने जीएम की गाड़ी पर हमला के बाद गोली मारने की दी धमकी,फिर क्या हुआ

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद; निरंकुश और मदमस्त धनबाद के कोयला चोर और तस्कर सिस्टम को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं .कोयला अधिकारी उनके निशाने पर हैं. बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक विष्णुकांत झा की जान बच गई है. लेकिन कोयला चोर हमलावरों ने धमकी दी है कि आज तो वह बच गया लेकिन आगे नहीं बच पाएगा. इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है. 

दरअसल बीसीसीएल के कतरास के जीएम पर हमला किया गया. वह अपनी सूचना तंत्र और चालाकी से बच गए अन्यथा अनहोनी हो सकती थी. दरअसल, महाप्रबंधक को सूचना थी कि उन पर हमला हो सकता है .इसलिए वह अपनी गाड़ी छोड़कर दूसरे वाहन पर सवार हो गए और इसी चालाकी से बच गए. 

सूत्रों के अनुसार कोयला चोरी के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन से बौखलाए कोयला तस्करों ने बिना नंबर प्लेट के चार-पांच वाहनों से महाप्रबंधक की गाड़ी को घेर कर चालक और सीआईएसएफ जवानों के साथ दुर्व्यवहार किया. कहा कि यदि भविष्य में कांटा पहाड़ी पैच में कोयला चोरी रोकने की कोशिश की गई, तो बातचीत नहीं, अब सीधे गोली मार दी जाएगी .इस संबंध में महाप्रबंधक ने तेतुलमारी थाने में प्राथमिकी  के लिए आवेदन दिया है .

आवेदन में आरोप लगाया है कि 16 जून की रात शक्ति चौक के समीप उनके वाहन को कुछ लोगों ने रोक लिया. चालक से मारपीट की. उन्होंने आवेदन में बताया है कि उन्हें पहले ही सूचना मिली थी कि उन पर हमला हो सकता है. इसके बाद वह सीआईएसएफ के साथ वैकल्पिक सुरक्षा से चलने का निर्णय लिया. उन्होंने अपने वाहन को आगे भेजा, जबकि दूसरी गाड़ी से निकले. रात करीब 8:00 बजे शक्ति चौक से आगे चार पांच काले रंग की बिना नंबर वाली एसयूवी में सवार लोगों ने उनके वाहन को घेर कर चालक के साथ मारपीट की और धमकी दी. 

पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच पड़ताल की जा रही है और दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी. आवेदन में जीएम ने कहा है कि एक महिला ने वाहन का पिछला दरवाजा खोलकर अंदर बैठे सीआईएसएफ जवान के साथ दुर्व्यवहार किया. 

अन्य लोग वीडियो बना रहे थे .जब आरोपियों को पता चला कि उसे वाहन  में महाप्रबंधक नहीं है, तब उन्होंने गाड़ी को जाने दिया. बाद में आरोपियों ने पीछा करते हुए एक स्थान पर फिर वाहन को रोका और सीआईएसएफ एवं चालक को धमकी दी कि आज तो बच गया, भविष्य में कांटा पहाड़ी पैच में कोयला चोरी रोकी गई तो गोली मार देंगे.

TagsCRIME