Jharkhand

धनबाद की कोयला चोरी पहुंची दिल्ली : अब चोरो-तस्करों के खिलाफ आर-पार के एक्शन की तैयारी 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद कोयलांचल में कोयला चोरी का मामला अब दिल्ली में गूंज रहा है. कोयला चोरी के खिलाफ एक्शन पर कोयला अधिकारियों पर हमले का मुद्दा भी दिल्ली पहुंच गया है. बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने व्यवस्था को सुचारू और ठोस बनाने के लिए पहल तेज कर दिया है. कोल इंडिया के अध्यक्ष का भी उन्हें साथ मिल रहा है. जानकारी के अनुसार कोल इंडिया के अध्यक्ष बी साई राम एवं बीसीसीएल के सीएमडी ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक के साथ नई दिल्ली में मुलाकात की है. इस दौरान अधिकारियों ने बीसीसीएल में निर्वाध कोयला उत्पादन, प्रभावी डिस्पैच, अधिकारियों की सुरक्षा संबंधी विषयों पर  चर्चा की है.  

सूत्र बताते हैं कि कोयले के अवैध उत्खनन, कोयले की चोरी- लूट और बीसीसीएल अधिकारियों पर हमले के खिलाफ कार्रवाई की मुकम्मल रणनीति तैयार की गई है. उल्लेखनीय है कि दो-तीन दिन पहले बीसीसीएल के सीएमडी  ने इसी मुद्दे पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से भी मुलाकात की थी. बता दें कि कोयला चोर अब सीधे कोयला अधिकारियों को टारगेट कर रहे हैं. बीसीसीएल मैनेजमेंट अपनी व्यवस्था टाइट कर रहा है, तो कोयला चोर और तस्कर बौखला गए है. इसके बाद कोल्  इंडिया ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है और सीआईएसफ को मिले अतिरिक्त अधिकार को पूरी तरह से जमीन पर उतारने की रूपरेखा तैयार की है. 

बता दें कि अब तो बीसीसीएल में कोयला चोरी ही नहीं, बल्कि कोयले की डकैती भी होने लगी है. बताया जाता है कि अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में काम कर रही आरके कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के गजलीटांड कोल डंप  से हथियारबंद बदमाशों ने ₹450 टन कोयला लूट लिया था. यह सब हथियार लहराकर किया गया था. लूटी गई कोयले की कीमत लगभग 45 लाख रुपए बताई गई है. घटना इसलिए चौंकाने वाली थी कि इस दौरान सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की गई. उन्हें बंधक बनाया गया था.  

बिहार सिक्योरिटी सर्विस के संचालक ने अंगार पथरा ओपी में लिखित शिकायत देकर डकैती का मामला दर्ज करने की मांग पुलिस से की है. शिकायत के अनुसार पहली जुलाई की रात लगभग 11:30 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने मुख्य गेट पर तैनात आधा दर्जन सुरक्षा कर्मियों को पिस्तौल दिखाकर गेट खुलवाया. इसके बाद परिसर में घुस गए और मारपीट के बाद उनके मोबाइल छीन लिए. कुछ ही देर बाद 15, 20 लोग भी परिसर में पहुंच गए. उसके बाद 15 से 20 हाईवा तथा तीन जेसीबी मशीनों की मदद से तीन-चार घंटे में लगभग 450 टन कोयला उठा ले गए.