धनबाद: धनबाद के अंचल अधिकारी से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है. यह रंगदारी व्हाट्सएप मैसेज भेज कर मांगी गई है. राशि नहीं देने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई है. अंचल अधिकारी के आवेदन पर धनबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है .
अंचल अधिकारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 14 सितंबर की शाम करीब 7:11 बजे मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज आया. जिसमें आरोपी ने रंगदारी की एक करोड़ रुपए की राशि एसबीआई की राजगंज शाखा के एक खाता में जमा करने को कहा. राशि नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई.
अंचल अधिकारी ने अपने आवेदन के साथ व्हाट्सएप पर प्राप्त संदेश की प्रति भी पुलिस को दी है . कार्रवाई की मांग की गई है. इस बीच जानकारी मिली है कि धमकी वाला मोबाइल नंबर बिहार का है. 9 दिन पहले तक यह नंबर सक्रिय था .इसका लोकेशन पिछले दिनों पटना, गया जी, भागलपुर ,मुजफ्फरपुर, दरभंगा के अलावा झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, झरिया, सिंदरी और बोकारो में मिला है .
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. 9 दिन पहले तक इस नंबर से आखरी बार बात की गई थी. संदेह है कि यह सिम फर्जी दस्तावेज के आधार पर लिया गया होगा. पुलिस इस मामले में जांच शुरू कर दी है. पुलिस टावर लोकेशन और बैंक अकाउंट नंबर की भी जांच कर रही है.
