☰
Jharkhand

Crime news:कुएं में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, फिर दोस्तों पर उठे सवाल

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): भूली के आजाद नगर स्थित अमन सोसाइटी में मंगलवार सुबह कुएं से 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अमन सोसाइटी गेट नंबर-1 निवासी रियाज अंसारी के रूप में हुई है. दो दिनों से लापता रियाज का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है. इस घटना ने धनबाद में पाल्म इन होटल से जुड़े चर्चित मामले की यादें भी ताजा कर दी हैं. हालांकि, रियाज की मौत के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं है.वह खुद कुएं में ग्रन्थ या उसकी हत्या की गई है,पुलिस इसकी जांच कर रही है.

रविवार को घर से निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार, रियाज रविवार को किसी व्यक्ति से बातचीत करते हुए घर से निकला था. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद सोमवार को परिजनों ने भूली थाना पहुंचकर गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों को कुएं में शव होने की जानकारी मिली. खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रियाज के रूप में की, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.

भाई ने जताई हत्या की आशंका

रियाज के भाई फैजल अंसारी ने आशंका जताई कि उनके भाई की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.
स्थानीय निवासी दीपक महतो के अनुसार, शव मिलने की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे थे.
फिलहाल भूली पुलिस मामले की जांच में जुटी है. हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से मौत हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.

रिपोर्ट:प्रकाश महतो