Jharkhand

बेटी की शादी की खुशियों पर फिरा पानी, 9 लाख रुपये और 9 लाख के गहने उड़ा ले गए शातिर चोर

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): बेटी की शादी के लिए घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थी. शादी के लिए परिवार ने करीब 9 लाख रुपये नकद और 9 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के गहने जुटाकर रखे थे. लेकिन परिवार के गांव जाते ही चोरों ने बंद बीसीसीएल क्वार्टर को निशाना बना लिया और शादी की खुशियों पर पानी फेर दिया. चोर घर से करीब 9 लाख रुपये नकद और 9 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए. 

घटना धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के कोयला नगर स्थित बीसीसीएल क्वार्टर नंबर 135 बी-टाइप की है. पीड़ित वासुदेव बैठा बीसीसीएल धनसार में इलेक्ट्रिकल फोरमैन के पद पर कार्यरत हैं. बताया जाता है कि वासुदेव बैठा अपने पूरे परिवार के साथ निजी काम से अपने पैतृक गांव गिरिडीह गए हुए थे. इसी दौरान बीती रात चोरों ने बंद क्वार्टर को निशाना बना लिया.

चोरी को अंजाम देने के दौरान चोरों ने पड़ोसियों के घरों की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे. परिवार के घर लौटने के बाद चोरी का खुलासा हुआ. पीड़ित के अनुसार, दिसंबर में उनकी बेटी की शादी होनी है और इसे लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं. शादी के लिए जुटाए गए करीब 9 लाख रुपये नकद और 9 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के गहने चोर ले गए. खास बात यह है कि चोरों ने पूरे घर को अस्त-व्यस्त करने के बजाय केवल तीन अलमारियों को निशाना बनाया और उनमें रखी नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.