Jharkhand

धनबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद! चोरी का विरोध करने पर बीसीसीएल कर्मी को मारी गोली

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

 

  धनबाद (DHANBAD):धनबाद में इन दिनों अपराधियों के अंदर पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है.यही वजह है कि ये खुलेआम चोरी, डकैती और हत्याओं जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे है. ताजा मामला सोनारडीह ओपी क्षेत्र का है. यहां एक बीसीसीएल कर्मी को गोली मार दी गई.बताया जा रहा है कि बोकारो-धनबाद एनएच-32 के किनारे बीसीसीएल के समरसेबल पंप में ड्यूटी कर रहे पंप संचालक उमेश रविदास को चोरों ने गोली मार दी, क्योंकि वह चोरी का विरोध कर रहे थे.

आधा दर्जन से अधिक थी चोरो की संख्या

जानकारी के मुताबिक, आधा दर्जन बदमाश समरसेबल पंप से केबल की चोरी कर रहे थे.इस दौरान ड्यूटी पर तैनात बीसीसीएल कर्मी उमेश रविदास ने इसका विरोध किया और उन्हें रोकने का प्रयास भी किया.इसके विरोध में अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि उमेश रविदास के दोनों पैरों में गोली लगी है, जो आर-पार हो गई है.गोली चलने और शोर होने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल बीसीसीएल कर्मी ने किसी तरह अपने साथी को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सेंट्रल हॉस्पिटल, धनबाद रेफर किया गया.

मामले की जांच कर रही है पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है.पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है.घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए विधायक ने कहा कि बाघमारा समेत पूरे झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे है.उन्होंने कहा कि जब थाना से कुछ दूरी पर इस तरह की घटना हो रही है, तो आम आदमी की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है.

रिपोर्ट-नीरज कुमार