☰
Jharkhand

दिल्ली रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने धनबाद पहुंचे कांग्रेस पर्यवेक्षक, पड़िया क्या कहा?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए देशभर में अभियान शुरू किया है. पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है. इसी अभियान के तहत 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी. कांग्रेस इस रैली के जरिए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाने की तैयारी में है.इसी  सिलसिले में मंगलवार, 27 अक्टूबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया धनबाद पहुंचे. उन्होंने सर्किट हाउस में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा की सरकार वोट चोरी के सहारे बनी है.

भाजपा और चुनाव आयोग को घेरा 

डॉ. डहरिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत के कारण चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है.उन्होंने कहा कि देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है, तानाशाही से नहीं. कांग्रेस का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का मजाक बना रही है. कांग्रेस इसका विरोध करेगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वालों के खिलाफ आवाज उठाएगी.

पहली  नवंबर की महारैली में शामिल होने की अपील

डॉ. डहरिया झारखंड के दौरे पर हैं. इस दौरान वह कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें दिल्ली की महारैली में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. उन्होंने देशभर के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और वोट के अधिकार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा.