धनबाद: कोयला कर्मियों की बोनस की घोषणा के बाद अब अधिकारियों के लिए भी सुखद खबर सामने आई है.अधिकारी जिसकी प्रतीक्षा कर रहे थे,इस दुर्गापूजा वह पूरा होने जा रहा है. इस दुर्गा पूजा कोयला उद्योग के कर्मचारी और अधिकारियों की बल्ले बल्ले रहेगी .लक्ष्मी की उन पर विशेष कृपा होने जा रही है.
कोयला कर्मियों के लिए 1,10,250 रुपए बोनस की घोषणा के बाद अधिकारियों के लिए भी बड़ी खुशखबरी सामने आई है. महारत्न स्केल से संबंधित एरियर की पहली किस्त 10 अक्टूबर तक भुगतान कर दिया जाएगा. इसे संबंधित आदेश कोल इंडिया की ओर से रविवार की देर शाम को जारी कर दिया गया है.
आदेश के अनुसार कोल इंडिया की किसी सहायक कंपनी को फंड की समस्या के कारण 10 अक्टूबर तक भुगतान में परेशानी हो, तो 30 अक्टूबर तक हर हाल में भुगतान कर देना है .कोयला अधिकारी लंबे समय से इसकी प्रतीक्षा कर रहे थे.
उल्लेखनीय है कि पे अपग्रेडेशन को लेकर डिपार्मेंट आफ पब्लिक इंटरप्राइजेज की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद यह मामला लटक गया था. इसके बाद कई स्तरों पर कोल इंडिया, कोयला मंत्रालय एवं डिपार्मेंट आफ पब्लिक इंटरप्राइजेज की ओर से बातचीत की गई और मामले को सुलझाया गया. 23 अगस्त 2023 से दिसंबर 2025 तक का एरियर मिलना है.
एक आंकड़े के मुताबिक कोयला अधिकारियों को न्यूनतम 6 लाख और अधिकतम 14 लाख तक एरिया का भुगतान किया जाना है. बढ़े हुए वेतन का भुगतान जनवरी 2026 से किया जा रहा है. यह अलग बात है कि कोयला कंपनियों पर अचानक वित्तीय भार बढ़ेगा.
कर्मियों को 15 अक्टूबर तक बोनस देना है. कर्मियों के बोनस मद में 2000 करोड़ का लगभग भुगतान होगा. उसके बाद अधिकारियों के महारत्न स्केल के एरियर के भुगतान का आदेश भी आ गया है.
