धनबाद (DHANBAD): कोल इंडिया लिमिटेड ने कर्मचारियों की सुविधा को बढ़ाते हुए अयोध्या और वाराणसी में होलीडे होम सुविधा की शुरुआत करने जा रही है. कर्मचारियों के लिए दोनों जगह पर दो-दो कमरे उपलब्ध होंगें. यह सिस्टम 1 सितंबर 26 से 31 अगस्त 28 तक के अनुबंध के तहत चलेगा. कर्मचारियों को दोनों स्थानों पर कमरा लेने के लिए प्रतिदिन ₹400 का शुल्क देना होगा. नियम के अनुसार एक कर्मचारी किसी एक होटल में अधिकतम 3 दिन के लिए कमरा बुक करा सकता है.
किसी एक स्थान पर एक कर्मचारी को एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम दो कमरा आवंटित किए जा सकते हैं. बुकिंग वास्तविक आरक्षण की तारीख से 15 दिन पहले शुरू होगी. एक स्थान की बुकिंग को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जा सकेगा. बुकिंग किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर ट्रांसफर भी नहीं किया जा सकेगा. यदि कर्मचारी बुकिंग की वास्तविक स्थिति से कम से कम 7 दिन पहले उसे रद्द नहीं करता है, तो जमा की गई बुकिंग राशि वापस नहीं की जाएगी.
कोल इंडिया के सर्कुलर के अनुसार, अयोध्या में कल्याण केके होटल्स, रामपथ, अयोध्या में कमरे उपलब्ध रहेंगे. वहीं वाराणसी में सफायर ग्रांड में कमरों की व्यवस्था की गयी है. इस सुविधा का लाभ केवल कोल इंडिया के कर्मचारी ही उठा सकेंगे. आवेदन के साथ कर्मचारी के परिवार के सदस्यों से संबंधित निर्धारित घोषणा-पत्र भी संलग्न करना होगा. आवेदन संबंधित कर्मचारी के नियंत्री पदाधिकारी के माध्यम से भेजना होगा. इसके अलावा 400 रुपये प्रति कमरा प्रतिदिन की दर से पूरी राशि का डिमांड ड्राफ्ट कोल इंडिया के पक्ष में जमा करना होगा.
