☰
Jharkhand

अवैध उत्खनन रोकने के दावों की खुली पोल पट्टी: विधायक अरूप चटर्जी जब खदान में घुसे तो क्यों उनकी आंखे फटी की फटी रह गई?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): शुक्रवार को निरसा का दृश्य कुछ बदला हुआ था. विधायक अरूप चटर्जी अवैध कोयला खदान के भीतर उतर चुके थे. उन्होंने जो भी देखा, उनकी आंखें भी फटी रह गई. विधायक ने सीआईएसएफ के अवैध खनन रोकने के दावे की भी पोल पट्टी खोल कर रख दी है. 

कहां जा रहा है कि भारी मात्रा में अवैध कोयला उत्खनन यहां किया जा रहा था. इसके उपयोग में लाए जाने वाले सामान, हथियार, बिजली के तार, मोटर आदि जब्त किए गए हैं. सूत्रों के अनुसार धनबाद के निरसा में ई सी एल की राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन की सूचना पर विधायक अरूप चटर्जी खुद खदान पहुंच गए. 

बता दें कि अरूप चटर्जी का आवास के पास ही राजा कोलियरी  स्थित है. इस सूचना पर वह टीम के साथ खदान के अंदर चले गए. उन्होंने देखा कि अंदर बिजली के मोटे तारों से अवैध कनेक्शन लेकर बड़े-बड़े मोटर और ड्रिल मशीन लगाकर कोयला काटा जा रहा था. खदान में दर्जनों अवैध मुहाने बने हुए थे. इन मुहानों से मोटरसाइकिल पर कोयला लाद कर बाहर ले जाया जा रहा था. 

विधायक ने तुरंत इसकी जानकारी सीआईएसएफ और ई सी एल मैनेजमेंट को दी. जानकारी मिलने के बाद सीआईएसएफ और प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची. वहां से बिजली के मोटे केबल, मोटर ,कटर मशीन और कोयला काटने वाले गैंता जब्त किए गए हैं. मैनेजमेंट ने सभी अवैध मुहानों को बंद करने का काम शुरू कर दिया है.