☰
Jharkhand

धनबाद: कोयला चोरी के खिलाफ CISF की कार्रवाई, दो महीने में 2655 टन से ज्यादा कोयला बरामद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

धनबाद(DHANBAD): कोयलांचल में कोयला चोरी के खिलाफ CISF ने पिछले दो महीने में 1022 जगहों पर छापेमारी की है. इस दौरान 2655.82 टन अवैध कोयला बरामद किया गया. कोयला चोरी और उसकी ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे 74 वाहनों को भी जब्त किया गया है.

CISF के मुताबिक, कोयला चोरी रोकने के लिए अलग-अलग कोलियरी क्षेत्रों, कोयला ढुलाई वाले रास्तों और उन जगहों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जहां से अवैध कोयले की खरीद-बिक्री या ढुलाई की सूचना मिल रही है.

60 मोटरसाइकिल समेत 74 वाहन जब्त

CISF ने कार्रवाई के दौरान कुल 74 वाहन जब्त किए हैं. इनमें 60 मोटरसाइकिल, दो टोटो और 12 साइकिल शामिल हैं. इन वाहनों का इस्तेमाल कथित तौर पर अवैध कोयला ले जाने के लिए किया जा रहा था.

CISF की टीमें कोयला खदानों और आसपास के इलाकों में नियमित गश्त भी कर रही हैं. स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचना और निगरानी के आधार पर संदिग्ध जगहों पर छापेमारी की जा रही है.

सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

कोयला चोरी और अवैध ढुलाई रोकने के लिए CISF ने आम लोगों से भी सहयोग मांगा है. इसके लिए 9341528406 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है. इस नंबर पर कोयला चोरी, अवैध भंडारण या अवैध तरीके से कोयला ले जाने की जानकारी दी जा सकती है.

CISF का कहना है कि स्थानीय लोगों से मिलने वाली सूचना के आधार पर संबंधित इलाके में जल्द कार्रवाई करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही कोयला चोरी से जुड़े लोगों और नेटवर्क पर भी लगातार नजर रखी जा रही है.

कोयलांचल में और बढ़ाई जाएगी निगरानी

CISF के महानिदेशक ने अभियान में शामिल अधिकारियों और जवानों के काम की सराहना की है. अभियान में महिला जवानों की भूमिका की भी तारीफ की गई है.

कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूत करने के लिए संबंधित इलाकों में CISF जवानों की संख्या बढ़ाने की संभावना पर भी जोर दिया गया है. इससे कोलियरी क्षेत्रों में गश्त, निगरानी और छापेमारी बढ़ाई जा सकेगी.