☰
Jharkhand

धनबाद में माता के दर्शन को निकलने से पहले जान लें रास्ता, 5 दिन ट्रैफिक पर रहेगी सख्ती, कई सड़कें होंगी वन-वे

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद में दुर्गा पूजा और यातायात की चर्चा एक-दूसरे से अलग नहीं हो सकती. शहर में पहले से ही ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है. वहीं, गोविंदपुर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण भी आवागमन प्रभावित हो रहा है. इसी कारण लोग गोविंदपुर  जाने से कतरा रहे हैं. ऐसे में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से सड़कों पर दबाव और बढ़ने की आशंका है. इसे देखते हुए धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव की तैयारी की है. 11 अक्टूबर से दुर्गा पूजा की शुरुआत हो चुकी है. षष्ठी से दशमी तक यानी 16 से 20 अक्टूबर के बीच शहर की कई सड़कों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी. कुछ मार्गों को वन-वे किया जाएगा, जबकि कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. ऐसे में अगर आप परिवार के साथ मां दुर्गा के दर्शन और आकर्षक पूजा पंडालों को देखने निकल रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले रास्ते और वाहन की योजना बना लेना बेहतर होगा.

प्रमुख पूजा पंडालों तक कैसे पहुंचें?

1. सरायढेला पूजा पंडाल: थाना मोड़ से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. श्रद्धालु एसएनएमएमसीएच के बगल से कोयला नगर होकर जा सकते हैं. गोल बिल्डिंग की ओर से आने वाले वाहन कोलाकुसमा तक ही जा सकेंगे. इसके बाद श्रद्धालुओं को पैदल पूजा पंडाल तक पहुंचना होगा.

2. झारखंड मैदान पूजा पंडाल: श्रद्धालु हटिया मोड़, रणधीर वर्मा चौक, डीआरएम चौक और मजार होते हुए पहुंच सकते हैं. बरमसिया और बलियापुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु अंदरूनी मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

3. मनईटांड़ और पुराना बाजार पूजा पंडाल: धनसार चौक और हावड़ा मोटर की ओर से पहुंचने का रास्ता रहेगा. हीरापुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु अंदरूनी सड़कों से बाइक या पैदल जा सकते हैं.

प्रमुख पूजा पंडालों तक पहुंचने के लिए अन्य वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं. श्रद्धालुओं को यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.

कई इलाकों में बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट

पूजा पंडालों के आसपास भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे. धनबाद शहर के अलावा बैंक मोड़, धनसार और सरायढेला सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रबंध किए जा रहे हैं. भूली, केंदुआडीह, झरिया, जोड़ाफाटक, सुदामडीह, निरसा और गोविंदपुर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी यातायात नियंत्रित करने की व्यवस्था रहेगी.

यहां होगी बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट की व्यवस्था

सरायढेला थाना क्षेत्र: थाना मोड़, न्यू बैंक कॉलोनी, एसएनएमएमसीएच और स्टील गेट समेत 15 स्थानों पर.

धनबाद थाना क्षेत्र: झारखंड मैदान, हटिया चौक से गोल्फ ग्राउंड जाने वाली सड़क, हरि मंदिर, हीरापुर ब्लॉक मैदान, अभय सुंदरी गर्ल्स हाई स्कूल, वाईएमसीए रेलवे ग्राउंड, जैक एंड जिल स्कूल परिसर, झाड़ूडीह दुर्गा मंदिर, पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान और कार्मल स्कूल के सामने.

 बैंक मोड़ थाना क्षेत्र: रेलवे स्टेशन का दक्षिणी गेट और मटकुरिया श्मशान रोड

 धनसार थाना क्षेत्र: प्राणजीवन अकादमी स्कूल मैदान और पुराना स्टेशन दुर्गा मंडप मैदान.

 सरायढेला क्षेत्र के अन्य स्थान: सीआईएसएफ परेड ग्राउंड और स्टील गेट सब्जी मंडी मैदान.

अन्य थाना क्षेत्रों में भी पिछले वर्षों की व्यवस्था के अनुरूप यातायात प्रबंधन की योजना बनाई जा रही है.

शांति समिति की बैठक में सुरक्षा पर जोर

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. इसमें सुरक्षा, स्वच्छता, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

पूजा पंडाल समितियों को डीजे नहीं बजाने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात रखने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा, व्हाट्सऐप ग्रुप की सेटिंग ‘ओनली एडमिन कैन पोस्ट’ रखने को कहा गया है, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगाई जा सके. पूजा पंडालों में पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे.

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

दुर्गा पूजा के दौरान निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा. सोशल मीडिया पर भी पुलिस की लगातार नजर रहेगी. किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक पोस्ट सामने आने पर त्वरित कार्रवाई की तैयारी की गई है.

धनबाद SSP ने बताया कि आपात स्थिति में डायल 112 के अतिरिक्त कंट्रोल रूम के चार अन्य मोबाइल नंबर भी सक्रिय रहेंगे. शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी. आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

यातायात पुलिस और पूजा पंडाल समितियों की ओर से पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें और पुलिसकर्मियों व स्वयंसेवकों का सहयोग करें. इससे पूजा पंडालों तक पहुंचना और दर्शन करना अधिक सुविधाजनक होगा. तेज रफ्तार, लहरिया कट बाइक चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सीमित गति में वाहन चलाने, नियमों का पालन करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है. प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो.