Jharkhand

Wasseypur Firing Big Update: चंद सेकंड में पूरी मैगजीन खाली करने वाला चंदन ठाकुर गिरफ्तार,अब कैसे हो सकता है बड़े नेटवर्क का खुलासा?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद। कोई सोच भी नहीं सकता था कि वासेपुर भूली मोड़ में 21 सितंबर को दिनदहाड़े गोलियों की बारिश करने वाले अपराधी स्थानीय होंगे .और घटना के बाद वह कुछ किलोमीटर दूर ही  छुप कर रह रहे होंगे. लेकिन भूली मोड़ गोलीकांड में यही सच्चाई सामने आई है. पुलिस की लगभग दो दिनों की कड़ी मेहनत रंग लाई और बुधवार की देर रात को गोली चलाने वाला  एनकाउंटर के बाद पुलिस की पकड़ में आ गया.अन्य भी पकड़े गए हैं. 

वासेपुर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में फायरिंग करने का साहस दिखाने वाला चंदन ठाकुर निकला. 21 सितंबर की सुबह मात्र कुछ सेकंड में चंदन ठाकुर ने अपनी पिस्तौल की पूरी मैगजीन खाली कर दी थी. उसके बाद धनबाद में सनसनी फैल गई थी. लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे, लेकिन इन चर्चाओं से बेखबर पुलिस अपने मकसद में जुटी हुई थी. 

पुलिस को पता चला कि चंदन ठाकुर भूली  क्षेत्र के आजाद नगर का रहने वाला है. गोलीकांड में उसका साथ देने वाला उसका पड़ोसी प्रिंस कुमार साव है. पांडर पाला का  रहने वाला आमिर कुरैशी ने रेकी की थी. बरवा अड्डा का  रहने वाला जोधन ठाकुर के बारे में पता चला है कि वह चंदन ठाकुर का संबंधी है.चारों पुलिस की पकड़ में आ गए है.

 प्रिंस कुमार साव ही पुरानी  बाइक से चंदन ठाकुर को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा था और घटना को अंजाम दिया गया था. बुधवार की रात एसएसपी प्रभात कुमार को सूचना मिली कि ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र की  परियोजना  के एक खंडहर आवास में अपराधी छुपे हुए हैं. इसके बाद पुलिस पहुंची ,तो पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी गई. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस कार्रवाई में चंदन ठाकुर को गोली लगी है.पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है.चंदन ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया  गया है. भगाने के क्रम में प्रिंस कुमार साव गिरकर चोटिल हुआ है. पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर लिया है.दोनों का इलाज चल रहा है. 

इसके अलावे आमिर और जोधन ठाकुर भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं. कुल मिलाकर चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है. पुलिस ने घटनास्थल से चादर पर रखे कई कैन बियर, नमकीन के पैकेट,पानी के बोतल आदि बरामद किए हैं. इसके पहले 16 सितंबर को धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम ने निरसा के हाथ बाड़ी में हुए मुठभेड़ में यूपी के  शार्प शूटर सागर उर्फ शिबू सिंह को  गिरफ्तार कर लिया था. शिबू सिंह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए धनबाद आया था. लेकिन वह पुलिस की नजरों से बच नहीं सका. फिलहाल वह धनबाद जेल में बंद है. 

पुलिस ने ईस्ट बसुरिया में अपराधियों के पास से हथियार भी बरामद किया है. बताया जाता है की घटना वाले दिन प्रिंस कुमार साव बाइक चला रहा था, जबकि चंदन ठाकुर पीछे बैठा था और वह अपनी पिस्तौल से लगातार फायरिंग कर रहा था. उसने पिस्टल में मौजूद पूरी 10 गोलियां खाली कर दी थी. इस गोलीबारी में गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान, दुकानदार सद्दाम और उत्तर प्रदेश से आई युवती कुमकुम घायल हो गई थे. 

पुलिस अब हथियार सप्लायरों के सिंडिकेट तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. आखिर चंदन ठाकुर के पास हथियार और गोलियां कैसे पहुंचे? हो सकता है कि चंदन ठाकुर हथियार सप्लाई गैंग का खुलासा करें? पुलिस के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. गोलीकांड को लेकर फहीम खान के भाई सानू खान के फर्द बयान पर पुलिस ने बैंक मोड़ थाने में प्राथमिकी  दर्ज की है.

TagsCRIME