Jharkhand

गोविंदपुर में दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग से सनसनी, डॉक्टर के पास आई महिला बनी शिकार

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

DHANBAD: धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई. हजारीबाग जिले की रहने वाली एक महिला के गले से अज्ञात युवक सोने की चैन छीनकर फरार हो गया. घटना के बाद पीड़िता ने गोविंदपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि इस मामले में एक नया मोड़ भी सामने आया है, क्योंकि जिस युवक पर आरोप लगाया जा रहा है, उसके परिजनों ने दावा किया है कि वह पहले से पुलिस हिरासत में है. ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के बड़कागांव निवासी नेहा परवीन अपने परिजनों के साथ गोविंदपुर स्थित चिकित्सक डॉ. संजय कुमार को दिखाने आई थीं. रास्ते की सही जानकारी नहीं होने के कारण वे स्वागत पेट्रोल पंप के समीप रुकी हुई थीं. इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उनके गले से सोने की चैन झपटकर मौके से फरार हो गया. पीड़िता के मुताबिक आरोपी युवक के बाल लंबे थे और उसने टी-शर्ट पहन रखी थी. घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने या कोई प्रतिक्रिया देने का अवसर नहीं मिला.

घटना के बाद नेहा परवीन ने गोविंदपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं दूसरी ओर आरोपी बताए जा रहे युवक के पिता रईसुद्दीन ने पूरे मामले को साजिश करार दिया है. उनका कहना है कि उनके बेटे को जानबूझकर इस घटना में फंसाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि जिस समय घटना हुई, उस दौरान उनका बेटा पुलिस हिरासत में था, इसलिए उस पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं.

पीड़िता और आरोपी पक्ष के परिजनों के अलग-अलग दावों के बाद मामला और भी पेचीदा हो गया है. पुलिस अब हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह चैन स्नैचिंग की सीधी घटना है या इसके पीछे किसी पुराने विवाद की पृष्ठभूमि भी जुड़ी हुई है.

रिपोर्ट: नीरज कुमार