☰
Jharkhand

बहुचर्चित चारा घोटाले में सीबीआई को बड़ी सफलता, ढाई दशक से फरार सतेंद्र कुमार यूपी से अरेस्ट, लाया जा रहा रांची

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: बहुचर्चित चारा घोटाले में सीबीआई ने लगभग ढाई दशक से फरार एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे सक्षम न्यायालय में पेश करने के लिए रांची लाया जा रहा है. यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के लखनऊ से हुई बताई गई है. सीबीआई के प्रेस नोट के मुताबिक 2001 में चार्जशीट दाखिल करने के बाद अभियुक्त सत्येंद्र कुमार फरार हो गया था. सीबीआई लगभग 25 सालों से उसे ढूंढ रही थी. कोर्ट में वह ट्रायल फेस करने से बचने के लिए फरार हो गया था. 

इस वजह से उसके खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट न्यायालय द्वारा जारी किया गया था. सीबीआई ने जब जांच को आगे बढ़ाया ,तो पता चला कि वह नेपाल में छुपा हुआ है. हाल ही में वह नेपाल से भारत में प्रवेश किया और सीबीआई को सूचना मिली कि वह मध्य प्रदेश से लखनऊ ट्रेन से यात्रा कर रहा है. इस ठोस इनपुट पर सीबीआई ने सत्येंद्र कुमार की गिरफ्तारी की योजना बनाई. ट्रेन के लखनऊ पहुंचने के पहले ही सीबीआई की टीम ने जाल फैलाया और 22 अक्टूबर की मध्य रात्रि को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रांची लाया जा रहा है. 

सत्येंद्र कुमार की गिरफ्तारी के लिए सीबीआई की टीम लगातार तकनीकी निगरानी, सर्विलांस और खुफिया तंत्र की मदद ले रही थी.तब जाकर यह बड़ी सफलता मिली है.