Jharkhand

सिंह मेंशन के समर्थक की दबंगई पड़ गई भारी,निगम के जे ई ने करा दिया मुकदमा,अब आगे क्या

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: सिंह मेंशन के एक समर्थक की दबंगई उस पर भारी पड़ गई है. बताया जाता है कि नगर निगम के कनीय अभियंता विकास कुमार को मोबाइल पर जान मारने की धमकी दी गई है. धमकी देने का आरोप अमित गुप्ता पर लगा है. वह सिंह मेंशन का सपोर्टर बताया जाता है. 

अभियंता की शिकायत पर सराय ढेला पुलिस ने दो बोरिंग गाड़ियों को जब्त कर लिया है. दोनों गाड़ियों के चालक और मालिक के अलावा अमित गुप्ता के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, अवैध रूप से बोरिंग कराने, सरकारी सेवक के साथ गाली-गलौज करने और जान मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. 

जानकारी के अनुसार जूनियर अभियंता ने मामले की जानकारी नगर आयुक्त को दी. नगर आयुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने पुलिस के बड़े अधिकारियों को जानकारी दी. पुलिस रेस हुई और खोजबीन शुरू की. बताया जाता है कि कोला कुसमा में डीप बोरिंग की सूचना पर सोमवार की रात  अभियंता मौके पर पहुंचे थे. 

उन्होंने पुलिस को बताया है कि जब वह मौके पर पहुंचे तो पाया कि दो गाड़ी अवैध रूप से बोरिंग में जुटी हुई थी. दोनों वाहन निगम से पंजीकृत नहीं थे. जब उन्होंने कागजात की मांग की तो उनके साथ धक्का मुक्की की जाने लगी. वह किसी तरह वहां से भाग कर निकले. दोबारा सराय ढेला पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो सभी भाग गए थे. 

मंगलवार की सुबह उनके पास एक कॉल आया. फोन करने वाले ने अपना परिचय अमित गुप्ता के रूप में दिया. गालियां देते हुए कहा कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई कि तुमने बोरिंग रुकवा दी. कहा कि अगर हिम्मत है तो आगे बोरिंग का काम रुकवा कर देखो.