धनबाद (DHANBAD): धनसार थाना से सेट एक फर्नीचर की दुकान में सोमवार की रात चोरी हो गई है. इस घटना ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा कर दिया है. वैसे, तो पूजा का समय आ रहा है और चोरों की नजर पैनी हो गई है.अलग-अलग जगहों से चोरी की ख़बरें मिल रही हैं. ताजा मामला धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र का है. जहां धनसार थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित विश्वकर्मा फर्नीचर दुकान में सोमवार की देर रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया.
ताला तोडा, छत तोड़ा, फिर की चोरी
चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने के साथ ही करकट की छत को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. दुकान में आग लगाने की भी बात सामने आई है. घटना में करीब 22 हजार रुपए नकद और मशीन समेत लगभग दो लाख रुपए के सामान चोरी होने की बात दुकान मालिक ने कही है. दुकान मालिक राम बाबू शर्मा ने बताया कि रात में दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर देखा कि दुकान की करकट की छत टूटी हुई थी और अंदर आग लगी थी.
आग बुझाने के बाद दुकानदार को चोरी का पता चला
आग बुझाने के बाद दुकान की जांच की गई, तो सामान बिखरा पड़ा था.चोर दुकान में रखे 22 हजार रुपए नकद और करीब दो लाख रुपए की मशीन व अन्य सामान लेकर फरार हो गए हैं. कुछ मशीनों को आग से नुकसान भी पहुंचा हैं. घटना की जानकारी सुबह धनसार पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस चोरों की पहचान और घटना के तरीके की जांच कर रही है. थाना के ठीक बगल हुई चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता है.
