Jharkhand

धनबाद में ड्रेन में घुसी गाड़ी, विरोध करने पहुंचे मुखिया पति की जमकर पिटाई, एक आरोपी हिरासत में

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

धनबाद(DHANBAD): जिले में एक सड़क हादसे ने अचानक विवाद का रूप ले लिया. भारी वाहन के सड़क किनारे बने ड्रेन में घुसने के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि पंचायत मुखिया के पति के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना हो गई.

शनिवार को पिंडराहाट पंचायत क्षेत्र से एमपीएल की एक भारी वाहन गुजर रही थी. इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे बने ड्रेन में जा घुसी. हादसे में ड्रेन को काफी नुकसान पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई.

घटना की सूचना मिलते ही पंचायत की मुखिया बालिका मुर्मू अपने पति और कई ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं. ग्रामीणों ने वाहन मालिक और संबंधित पक्ष से क्षतिग्रस्त ड्रेन की मरम्मत कराने की मांग की. उनका कहना था कि ड्रेन टूटने से जल निकासी की समस्या उत्पन्न होगी और बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसी मुद्दे को लेकर वाहन पक्ष और ग्रामीणों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी. आरोप है कि इसी दौरान मुखिया के पति के साथ मारपीट की गई.

सूचना मिलने के बाद कालूबथान थाना की अतिरिक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वे क्षतिग्रस्त ड्रेन की जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं.

रिपोर्ट- नीरज कुमार