धनबाद(DHANBAD): धनबाद के बलियापुर जंगल में गाछ से लटका एक नर कंकाल मिलने के बाद पूरे धनबाद में सनसनी फैल गई. यह नर कंकाल बुधवार की सुबह देखा गया. काफी प्रयास के बाद उसकी पहचान भी कर ली गई ,किन परिस्थितियों में नर कंकाल वृक्ष पर लटका मिला है, इसकी जांच तेज हो गई है. उसकी हत्या कर लाश ले जाकर जंगल में टांग दिया गया था अथवा उसने आत्महत्या की, यह अभी भी पहेली बनी हुई है. धनबाद में करीब दो सप्ताह से लापता एक युवक की तलाश का अंत दर्दनाक तरीके से हुआ. बलियापुर थाना क्षेत्र के गोलमारा जंगल में पेड़ से लटका युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव की स्थिति इतनी खराब थी कि शरीर लगभग कंकाल में तब्दील हो चुका था. मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़े, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर युवक की पहचान की.
मृतक की पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में हुई
मृतक की पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, अनूप 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे से लापता था . वह एक मोबाइल सिम कंपनी में काम करता था. . उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे. इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी.
बलियापुर पुलिस पहुंची और मामले की जाँच में जुट गई है
बताया जा रहा है कि अनूप के ऊपर कर्ज भी था. हालांकि, उनके कर्ज और मौत के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है.
जंगल में शव मिलने की सूचना पर बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था. शरीर का कमर के नीचे का हिस्सा भी गायब था. आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों ने शव के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचाया होगा.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट -प्रकाश महतो
