Jharkhand

BREAKING: प्रिंस खान का भाई कोलकाता से गिरफ्तार, दुबई भागने से पहले चढ़ा पुलिस के हत्थे

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह पर धनबाद पुलिस ने एक और बड़ा शिकंजा कसा है. पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था. हालांकि, अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बंटी खान के पास से एक वैध और एक फर्जी पासपोर्ट के साथ वीजा बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, बंटी खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी.

पुलिस को इनपुट मिला था कि बंटी खान कोलकाता में ठिकाना बनाए हुए है और वहां से विदेश जाने की तैयारी कर रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता पहुंची. स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर टीम ने कार्रवाई की और बंटी खान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की कार्रवाई उस समय हुई, जब वह कथित तौर पर दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचने की तैयारी में था. उसके पास मिले दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया.

धनबाद पुलिस इससे पहले भी प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कर चुकी है. गिरोह के प्रमुख गुर्गों में शामिल मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब वह कथित तौर पर दुबई भागने की कोशिश कर रहा था. बंटी खान की गिरफ्तारी को पुलिस वासेपुर के आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रही है. जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में गिरोह के आर्थिक लेनदेन, रंगदारी से जुड़े नेटवर्क और विदेश में बैठे प्रिंस खान से जुड़े संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है.

गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस अब बंटी खान को ट्रांजिट रिमांड पर धनबाद लाने की प्रक्रिया में जुटी है. इसके बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि फर्जी दस्तावेज किस तरह तैयार किए गए और विदेश भागने की योजना में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े थे. जांच आगे बढ़ने के साथ प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उसके विदेश में मौजूद नेटवर्क को लेकर भी नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.