☰
Jharkhand

Breaking News: सरायढेला के श्री राम सिटी में भड़की आग, शहर में मची अफरा-तफरी,पढ़िए फिर क्या हुआ ?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD):  धनबाद के सरायढेला स्थित श्री राम  सिटी बिल्डिंग की छत पर सोमवार करीब 12 से 12:30 बजे अचानक आग लग गई. छत पर आग की लपटें और धुएं का गुब्बार  देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर काम कर रहा एक स्वीपर किसी काम से छत पर पहुंचा. वहां उसने आग की लपटें और चिंगारी के साथ घना काला धुआं उठता देखा. 

उसने तत्काल नीचे मौजूद लोगों को इसकी सूचना दी.  कुछ ही देर में लोगों ने छत पर पहुंचकर देखा कि जनरेटर में आग लगी हुई है. इसके बाद बिल्डिंग में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. साथ ही अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई. हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही बिल्डिंग में मौजूद अग्निशमन संसाधनों से आग को नियंत्रित कर लिया गया. आग ज्यादा फैल नहीं सकी और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. 

आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के ओम ने घटना की जानकारी साझा की. बताया गया कि श्री राम   सिटी की छत पर कई टावरों के एसी यूनिट, जनरेटर और तारों का जाल मौजूद है. ऐसे में आग फैलने की स्थिति में खतरा बढ़ सकता था.श्री राम  सिटी शहर के व्यस्त इलाके में स्थित व्यावसायिक भवन है, जहां एसबीआई समेत वित्तीय और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कई कार्यालय संचालित होते हैं. यहां आवासीय फ्लैट नहीं हैं. समय रहते आग पर काबू पाए जाने से बड़ी घटना टल गई.