☰
Jharkhand

दो मोबाइल, 53 साइबर ठगी की शिकायतें! भूली से गिरफ्तार हुआ आरोपी, जानिए कैसे खुला राज़

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद में साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस को 27 सितंबर की शाम NCRP पोर्टल के जरिए एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से साइबर अपराध की शिकायत मिली थी. जांच में मोबाइल की लोकेशन भूली  ओपी क्षेत्र के पांडरपाला दास बस्ती में मिला. इसकी सूचना प्रेस वार्ता में CCR DSP (प्रभार साइबर डीएसपी) प्रकाश कुमार साव ने दी. 

इसके बाद साइबर थाना की टीम ने वहां छापेमारी की. पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल कुमार दास बताया.पुलिस ने उसके पास मिले मोबाइल की जांच की. जांच में पता चला कि उसके मोबाइल नंबर के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों मोबाइल नंबरों से जुड़ी कुल 53 शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज हैं.

पूछताछ में राहुल ने पुलिस को बताया कि वह बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करता था. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया है.गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार दास, पिता बबलू दास, पांडरपाला दास बस्ती निवासी के रूप में हुई है.साइबर थाना पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं.