धनबाद (DHANBAD): धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से तीन दिनों से लापता एक युवक का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका हुआ मिला है. घटना बड़ा नावाटांड आमाघाटा जोरिया के समीप की है. वहीं मृतक की पहचान आसनबनी-2 निवासी 28 वर्षीय अकबर अंसारी के रूप में हुई है. पेड़ से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. जब लोगों ने पास जाकर देखा तो एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. परिजनों ने बताया कि अकबर अंसारी 16 जून से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने गोविंदपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन तीन दिन बाद उसका शव मिलने से परिवार सदमे में है.
बताया जा रहा है कि अकबर पेशे से टाइल्स मिस्त्री था और इन दिनों आमाघाटा इलाके में एक नवनिर्मित भवन में टाइल्स लगाने का काम कर रहा था. शव की पहचान उसके कपड़ों और हुलिए के आधार पर की गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए भवन मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि अकबर की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
घटना की सूचना पर पहुंचे गोविंदपुर थाना के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) संतोष कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ शव को नीचे उतरवाया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस परिजनों के आरोपों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: नीरज कुमार
