☰
Jharkhand

गोविंदपुर में खुदिया नदी पुल के पिलर से झूलता मिला शव, हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  धनबाद के गोविंदपुर में बुधवार की सुबह अचानक सनसनी फैल गई.  लोग कानाफुसी करने लगे कि आखिर ऐसा क्यों हुआ.  खुदिया  नदी पुल के पास एक व्यक्ति का शव  फंदे से लटका मिला. लाश  पिलर में रस्सी के सहारे झूल रही थी.  घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.  सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. 

लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचित किया 

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह कुछ लोग शौच के लिए नदी की ओर गए थे.  इसी दौरान उनकी नजर खुदिया नदी पुल के पिलर में रस्सी के सहारे लटके एक व्यक्ति के शव पर पड़ी.  उन लोगो ने  इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से शव को नीचे उतारा।  

मृतक की जेब से मिला है एक आधार कार्ड 

इसके बाद मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई.  इस दौरान उसकी जेब से एक आधार कार्ड मिला, आधार कार्ड पर नरेश कुमार विश्वकर्मा, निवासी आनंद नगर, सरायढेला, धनबाद का नाम दर्ज है, हालांकि, आधार कार्ड में दर्ज नाम के आधार पर मृतक की पहचान की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस शव की पहचान करने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.  पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.  पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।