Jharkhand

धनबाद में रंगदारी विवाद ने लिया हिंसक रूप,भाजपा जिला अध्यक्ष के भाई पर शराब की बोतलों से हमला

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: धनबाद में रंगदारी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और इसके शिकार हुए हैं भाजपा जिला अध्यक्ष के बड़े भाई. जानकारी के अनुसार जामाडोबा चार नंबर पुल के समीप शुक्रवार की देर शाम धनबाद भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष श्रवण राय के भाई जमेंद्र राय पर जानलेवा हमला कर दिया गया. 20 से अधिक टांके लगे हैं. 

हमलावरों ने चाकू ,भुजाली,  लाठी, डंडे शराब और बीयर की बोतलों से हमले किए. हमले में वह बुरी तरह से घायल हो गए. वही   हमलावर पक्ष से भी एक के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया. सूचना पर पुलिस पहुंची तब जाकर मामला नियंत्रित हो पाया. 

बताया जाता है कि  राय को 20 टांके लगे हैं. वहीं हमलावर पक्ष का एक  युवक भी घायल हुआ है. उसे इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है. बताया जाता है कि  राय शुक्रवार की शाम बाजार से तगादा कर लौट रहे थे. तभी चार नंबर पुल के पास    हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया. हमले को लेकर जमेंद्र राय की ओर से एक नामजद सहित कई लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है. जिसमें रुपए और चैन छीनने का भी आरोप है.

 हालांकि घटना को लेकर दूसरा पक्ष भी सामने आ रहा है और यह पूरा मामला रंगदारी वसूली से जुड़ा हुआ है. यह मामला राजनीतिक रंग पकड़ेगा. श्रवण  राय का कहना है कि पूरे क्षेत्र में अपराध का ग्राफ बढ़ गया है. रंगदारी और गुंडागर्दी पर बोलने के कारण ही उनके भाई पर जानलेवा हमला हुआ है. उन्होंने हमलावरो की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है. 

इधर बताया जाता है कि चार-पांच लड़के सड़क किनारे शराब पी रहे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर चालकों को रोक कर उनसे रंगदारी मांगी गई. विरोध करने पर युवक गाली गलौज पर उतर आए. इस बीच तगादा कर लौट रहे जमेंद्र राय बीच बचाव करने पहुंचे. इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की.

TagsCRIME