☰
Jharkhand

बड़ी खबर: फल खरीदने गए भतीजे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या, चाचा समेत परिवार के पांच लोगों पर आरोप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई है. मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र का है जहां सोमवार सुबह 32 वर्षीय दौलत राम महतो की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई. घटना निचितपुर जाने वाली सड़क पर हुई, जहां वह मोटरसाइकिल से फल खरीदने बाजार जा रहे थे. मृतक घसकोडीह का रहने वाला था. 

जानकारी के अनुसार, दौलत राम महतो सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से बाजार के लिए निकले थे. इसी दौरान निचितपुर जाने वाली सड़क पर उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हमले में गले पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई.

मृतक के भाई साहेब राम महतो ने परिवार के पांच सदस्यों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. इनमें त्रिवेनी प्रसाद महतो, सूर्यकांत महतो, सचिन महतो, सरयू महतो और भगिया देवी के नाम शामिल हैं. साहेब राम का कहना है कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इस दौरान पहले भी तनाव और धमकी देने की बात सामने आई थी. परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के कारण दौलत राम की हत्या की गई. आरोपित त्रिवेनी प्रसाद महतो के राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर होने की बात भी सामने आई है. हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों और हत्या में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.