धनबाद:कोल इंडिया की कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड(ई सी एल)से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आई है. जानकारी के अनुसार कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए वीआरएस योजना लागू कर दी है. 16 नवंबर को यानी आज इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है.
आवेदन करने की अवधि ऑनलाइन पहली दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक रहेगी. 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के योग्य कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं. योजना की सुविधा ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड के स्थाई वेतनमान पर कार्यरत गैर अधिकारी कर्मचारियों को मिलेगी.
आवेदन की तिथि के दिन कर्मचारी की उम्र कम से कम 45 वर्ष होनी चाहिए. जिन कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय या विजिलेंस कारवाई चल रही है, अथवा जो अनुबंध के तहत सेवा दे रहे हैं, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे.
जानकारी के अनुसार खनन सुपरवाइजर , सर्वेयर, लेखाकार, फार्मासिस्ट, बिजली सुपरवाइजर, नर्सिंग स्टाफ, सिक्योरिटी इंस्पेक्टर को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. वीआरएस लेने वाले कर्मचारियों को हर पूर्ण सेवा वर्ष पर 35 दिनों का वेतन योजना के तहत कर्मचारियों को अनुदान के रूप में दी जाएगी.
इसकी गणना प्रत्येक पूर्ण सेवा वर्ष के लिए 35 दिनों के वेतन के आधार पर होगी. इसके अलावा सामान्य सेवानिवृत्ति की निर्धारित उम्र 60 वर्ष तक बची सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए 25 दिनों का वेतन भी दिया जाएगा.
