Jharkhand

बड़ी खबर: धनबाद में ED की दबिश, एल.बी. सिंह, अनिल गोयल समेत 25 से ज्यादा कोयला कारोबारियों के घर छापेमारी

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
बड़ी खबर: धनबाद में ED की दबिश, एल.बी. सिंह, अनिल गोयल समेत 25 से ज्यादा कोयला कारोबारियों के घर छापेमारी

धनबाद (DHANBAD): धनबाद में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक संदिग्ध कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की. तड़के हुई इस कार्रवाई से पूरे कोयला क्षेत्र और राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई. कई स्थानों पर ईडी टीम को विरोध और तनावपूर्ण स्थिति का भी सामना करना पड़ा.

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कोयला कारोबारी एल.बी. सिंह और अनिल गोयल से जुड़े नेटवर्क को लेकर की जा रही है. जिन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी हुई, उनमें माधव सिंह, गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान, आलोक समेत कई अन्य कारोबारी शामिल हैं. ईडी की अलग-अलग टीमें भारी सुरक्षा बल के साथ एक साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं और दस्तावेजों की जांच शुरू की.

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की एक टीम एल.बी. सिंह के साले रणजीत सिंह के आवास पर भी पहुंची. बताया गया कि शुरुआत में घर का मुख्य दरवाजा नहीं खोला गया, जिसके बाद अधिकारियों को सीढ़ी लगाकर अंदर प्रवेश करना पड़ा. इससे पहले भी एल.बी. सिंह के आवास पर कार्रवाई के दौरान दरवाजा बंद कर दिए जाने की चर्चा रही थी.

ईडी की कार्रवाई की जद में धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान के भाई और झामुमो धनबाद महानगर के उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान का आवास भी रहा. लोयाबाद के कनकनी स्थित उनके घर पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे ईडी की टीम पश्चिम बंगाल और रांची नंबर की गाड़ियों से पहुंची.

छापेमारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौके पर जुट गए. महिलाओं ने अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए घर के अंदर जाने की मांग की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ईडी अधिकारियों ने कुछ महिलाओं को अंदर जाने की अनुमति दी. वहीं, कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपने साथ कई बैग लेकर घर में दाखिल हुए हैं और उन्होंने आशंका जताई कि किसी को फंसाने की कोशिश की जा सकती है.

घरों के बाहर दिनभर गहमागहमी और नारेबाजी का माहौल बना रहा. हालांकि, ईडी के अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में मीडिया से कोई आधिकारिक बयान साझा नहीं किया. फिलहाल सभी चिन्हित ठिकानों पर तलाशी, दस्तावेजों की जांच और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है.