Jharkhand

बड़ी खबर : बीसीसीएल के सीएमडी पर एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज, पढ़िए क्या है पूरा मामला 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल पर एससी/ एसटी एक्ट में केस दर्ज हुआ है. कोर्ट के आदेश पर यह मुकदमा धनबाद के सरायढेला थाने में दर्ज हुआ है. सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके मुख्य निजी सहायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. बोकारो के दुग्धा के रहने वाले सचिन हेंब्रम की शिकायत पर यह मुकदमा हुआ है. कोर्ट में सचिन द्वारा दायर कराए गए शिकायतबाद के आधार पर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया है . 

शिकायत बाद के अनुसार सचिन हेंब्रम के पिता स्वर्गीय दशरथ मांझी बीसीसीएल मधुबन वाशरी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे. 2010 में उनकी मृत्यु हो गई थी. इसके बाद सचिन अनुकंपा पर नियुक्ति के लिए कोयला भवन का चक्कर लगाते  रहा. उसका आरोप है कि आवेदन लेकर सीएमडी  कार्यालय पहुंचने पर उसे जाति सूचक शब्द कहकर प्रताड़ित किया जाता था और बहाना बनाकर वापस भेज दिया जाता था. 

पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा है कि 17 और 18 जून 26 को वह नियोजन से संबंधित आवेदन लेकर बीसीसीएल के सीएमडी से उनके कार्यालय में मिलने पहुंचा था. मुझे देखते ही वह भड़क गए और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गलौज की.  उसके बाद उनके कहने पर उनके मुख्य निजी सहायक ने उसे अपमानित करते हुए कमरे  से बाहर निकाल दिया।  सचिन के अनुसार उसने मामले को लेकर स्थानीय पुलिस, धनबाद डीसी और राष्ट्रीय जनजाति आयोग में भी शिकायत की.  लेकिन न्याय में नहीं मिलने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, कोर्ट के आदेश पर सरायढेला पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.