☰
Jharkhand

बड़ी पहल:धनबाद के 53 संवेदनशील स्थलों पर लगेंगे 193 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे,सुरक्षा होगी और टाइट

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: धनबाद जिले में अपराध की रोकथाम, आम नागरिकों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए धनबाद पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है. इसके तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 53 चिह्नित संवेदनशील स्थलों पर प्रथम चरण में 193 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.इससे अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

निगरानी सिस्टम और होगा मजबूत

इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने उपायुक्त  आदित्य रंजन को पत्र भेजकर आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जिले में आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना और सिटी पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है.

तीन श्रेणियों के कैमरों से होगी निगरानी

प्रथम चरण में लगाए जाने वाले 193 कैमरों में तीन श्रेणियों के अत्याधुनिक कैमरे शामिल हैं. इनमें 154 उच्च गुणवत्ता वाले 8 मेगापिक्सल वीएफ बुलेट आईपी कैमरे, 180 मीटर तक इन्फ्रारेड क्षमता वाले 15 पीटीजेड कैमरे तथा वाहनों की नंबर प्लेट की स्वतः पहचान करने वाले 24 एएनपीआर कैमरे शामिल हैं.

एएनपीआर कैमरों की मदद से वाहनों की नंबर प्लेट की पहचान कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी में सहायता मिलेगी. वहीं उच्च क्षमता वाले पीटीजेड कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों में दूर तक निगरानी रखी जा सकेगी. इन तकनीकों से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और विभिन्न घटनाओं की जांच में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त करने में मदद मिलेगी.

जिला नियंत्रण कक्ष से होगा केंद्रीकृत संचालन

सभी 53 स्थलों पर स्थापित किए जाने वाले कैमरों का केंद्रीकृत कमान एवं नियंत्रण पुलिस नियंत्रण कक्ष धनबाद से किया जाएगा.इससे विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी एक ही स्थान से की जा सकेगी.साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस कार्रवाई में भी सहायता मिलेगी.

उल्लेखनीय है कि पर्व-त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा निगरानी और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह कार्ययोजना तैयार की गई है. योजना के क्रियान्वयन से धनबाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है.