☰
Jharkhand

धनबाद के जंगल में मिला महिला का सिर कटा शव, पूजा सामग्री से नरबलि की चर्चा हुई तेज

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): बलियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का सिर-धड़ अलग शव मिलने से सनसनी फैल गई. ढांगी बस्ती मड़ई थान के पास चटनियां पुल के सामने जंगल में महिला का शव अलग-अलग स्थानों पर मिला. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी किशोर कुमार महतो सुबह जंगल की ओर गया था. इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों में पड़े महिला के पैर पर गई. उसने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला का सिर और धड़ अलग-अलग पड़ा देखा. इसके बाद आशीष महतो ने बलियापुर पुलिस को जानकारी दी.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री भी मिलने की बात सामने आई है. इसके बाद ग्रामीणों के बीच नरबलि की आशंका को लेकर चर्चा शुरू हो गई. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नरबलि की संभावना को स्वीकार नहीं किया है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार के अनुसार, महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है. अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर महिला की पहचान और घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से FSL और डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट पता चल सकेगा.