Jharkhand

बरवाअड्डा विवाद : विधायक जयराम महतो को 24 घंटे का अल्टीमेटम, थाना प्रभारी को कैसे मिला एसोसिएशन का साथ, पढिए

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा वरवा अड्डा थाना  प्रभारी के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्द वाला ऑडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया है. मंगलवार को  झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची की एक टीम  धनबाद पहुंची. धनबाद पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक कर पूरे मामले पर गंभीर चर्चा की. एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मोहम्मद महताब आलम ने कहा कि थाना प्रभारी को  कथित रूप से अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर लिखित आवेदन उनके द्वारा दिया गया है. एसोसिएशन ने मांग की है कि 24 घंटे के भीतर विधायक की ओर से माफी मांगी जाए, ऐसा नहीं होने पर पुलिसकर्मी काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगें.

उन्होंने कहा कि पूरे मामले में अंतिम निर्णय एसोसिएशन का केंद्रीय नेतृत्व लेगा. इसके लिए केंद्र को पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया जाएगा. साथ ही झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रतिनिधि विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और डीआईजी से मुलाकात कर मामले की जानकारी देंगे, इन स्तरों से जो निर्णय लिया जाएगा, एसोसिएशन उसे स्वीकार करेगा.

उल्लेखनीय है कि धनबाद के बरवाअड्डा थाने में विधायक, मुखिया समर्थकों के बीच हुआ विवाद अब सिर्फ थाने की चाहरदीवारी तक सीमित नहीं रहा. पुलिस अधिकारियों का एसोसिएशन भी इसमें इन्वॉल्व हो गया है. मामले में एक के बाद एक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है, वहीं, अब विवाद के केंद्र में आया कथित वायरल ऑडियो पूरे मामले को और गरमा रहा है. डुमरी विधायक जयराम महतो भी मंगलवार को धनबाद दौरे के क्रम में अपनी प्रतिक्रिया दी है. 

दरअसल, डुमरी विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों का बरवाअड्डा थाना परिसर में बड़ा पिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के समर्थको और पुत्र प्रदीप कुमार रजक और अन्य लोगों के साथ विवाद हुआ था. थाना प्रभारी के केबिन से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते थाना परिसर तक फ़ैल गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की तक हुई. . उसके बाद एक ऑडियो वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में थाना प्रभारी को कथित तौर पर अपशब्द कहा जा रहा है. हालांकि इस वायरल ऑडियो की पुष्टि The Newspost नहीं करता है.