धनबाद(DHANBAD):m झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह फिलहाल दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं. . उनके पारिवारिक सूत्रों के अनुसार गुरुवार को उनका ऑपरेशन पूरी तरह से सफल रहा. वह अब बिल्कुल स्वस्थ हैं. डॉक्टरों की सलाह पर फिलहाल स्वास्थ्य लाभ कर रहे है. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार धनबाद लौटने में कुछ वक्त लग सकता है.
बता दें कि नवरात्र की अष्टमी की रात अशोक सिंह पूरे परिवार के साथ बरवाअड्डा के बड़ा जमुआ स्थित माता के दरबार के जागरण में शामिल हुए थे. यह परंपरा लगभग 16 साल से अधिक समय से चली आ रही है. खासियत यह है कि आस्था और परंपरा के बीच का बंधन और मजबूत होता जा रहा है. लोगों की आस्था बढ़ती जा रही है. लोग महाष्टमी के इस दिन का इंतजार करते हैं. दरअसल, बरवाअड्डा के बड़ा जमुआ दुर्गा पूजा समिति के अशोक कुमार सिंह संरक्षक हैं. पूजा समिति को हर संभव सहयोग करते हैं. अशोक कुमार सिंह ने एक परंपरा की शुरुआत की थी और यह परंपरा अब आस्था के रूप में बदल गई है.
खास बात यह है कि महाअष्टमी के दिन वह अपने घर से माता रानी की ज्योत लेकर पूजा पंडाल पहुंचते हैं. ढोल -नगाड़े के साथ माता रानी के ज्योत को पूजा पंडाल तक पहुंचाया जाता है. इस कार्यक्रम में उनके पूरे परिवार के सदस्य और समिति के लोग शामिल होते हैं. उसके बाद माता रानी की जागरण की शुरुआत होती है. बाहर से भी नामी -गिरामी कलाकार बुलाए जाते हैं. भारी भीड़ जुटती है. तरह-तरह की झांकियां निकाली जाती है. माता के भजन पर श्रद्धालु रात भर झूमते हैं .
