धनबाद(DHANBAD): बड़ी तामझाम के साथ पंचेत डैम में फ्लोटिंग सोलर प्लांट की योजना बनाई गई थी. लेकिन निर्माण शुरू होने के साथ ही इसका विरोध भी उतना ही तेज हो गया है. मछुआरे इसका विरोध कर रहे हैं. मछुआरों को सपोर्ट भी मिल रहा है. जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम मछुआरों ने मशाल नाव रैली निकाल कर विरोध किया। मछुआरे जलती मशाल लेकर डैम में नाव के सहारे विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. उनका कहना है कि डैम में फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट पैदा हो जाएगा।
क्यों पूरी ताकत के साथ विरोध कर रहे मछुआरे
उनका कहना है कि प्रतिदिन नाव के सहारे पंचेत डैम में मछली पकड़कर अपना घर- परिवार चलाते हैं. उनकी कई पीढ़ियां इस काम में लगी हुई हैं. उनका दावा है कि पानी के ऊपर फ्लोटिंग सोलर प्लांट की प्लेट लगने से नाव चलाने में परेशानी होगी। साथ ही मछली पकड़ने के लिए जाल फेंकने में भी दिक्कत हो सकती है. उनका कहना है कि किसी भी कीमत पर पंचेत डैम में फ्लोटिंग सोलर प्लेट नहीं लगने देंगें। बता दें कि पंचेत डैम में 30 मेगावाट क्षमता वाले फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट लगाने की योजना है.
दामोदर घाटी निगम के मेगा ग्रीन प्रोजेक्ट का चल रहा काम
दरअसल ,पंचेत और मैथन डैम से सटे इलाकों में दामोदर घाटी निगम के मेगा ग्रीन प्रोजेक्ट के तहत स्वच्छ बिजली उत्पादन और जमीन बचाने के लिए फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं. कहा तो यह जा रहा है कि धनबाद में बड़े सोलर प्लांट लगाने के लिए सैकड़ो एकड़ खाली जमीन मिलनी मुश्किल हैं. इसलिए पंचेत और मैथन में फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने की योजना है. कहा जाता है कि जमीन की तुलना में पानी के ऊपर लगे सोलर पैनल ठंडे रहते हैं. इससे पैनलों की कार्य क्षमता बढ़ती है और वह ज्यादा बिजली पैदा करते हैं. सोलर प्लांट लगने से जल संरक्षण में भी मदद मिलती हैं. बताया जाता है कि पानी की सतह पर सोलर प्लेट लगाने से सूरज की सीधी किरण कम पड़ती है. इस कारण पानी वाष्प बनकर कम उड़ता है.
