☰
Jharkhand

झारखंड के शहरी क्षेत्र के लोगों पर एक और आर्थिक बोझ,नियम अधिसूचित, जमीन -मकान रजिस्ट्री पर कितना देना होगा एक्स्ट्रा अमाउंट 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): झारखंड की जनता पर अब एक और बोझ   लाद दिया गया है.  शहरी क्षेत्र में जमीन और भवन रजिस्ट्री कराने  पर स्टांप ड्यूटी और निबंधन शुल्क की कुल राशि का 10% अतिरिक्त सरचार्ज  के रूप में देनी होगी।  झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने  नगर पालिका भूमि भवन स्थानांतरण अधिकार नियमावली 2026 को अधिसूचित कर दिया है. नई व्यवस्था में रजिस्ट्री से पहले ही संबंधित निबंधन पदाधिकारी राशि की  वसूली करेंगें।  

मिली राशि सीधे निगम के खाते में जाएगी 

जमीन , मकान की खरीद के दौरान स्टांप  ड्यूटी और निबंधन शुल्क के साथ अब नगर निगम या निकाय को  सरचार्ज  भी देना होगा।  यह  राशि सीधे नगर निगम के खाते में जाएगी और नगर निगम डेवलपमेंट पर इसे खर्च करेगा।  अब तक जमीन, मकान की रजिस्ट्री में खरीदार को स्टांप ड्यूटी और निबंधन शुल्क  केवल देना पड़ता था.  यह शर्त भी है कि यदि राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा स्टांप ड्यूटी या निबंधन शुल्क में छूट दी जाती है, तो ऐसी स्थिति में सरचार्ज  स्वत माफ हो जाएगा।  सरचार्ज  की गणना और वसूली की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। 

राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग को यह काम करना होगा 

 इसके लिए राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग अपने पोर्टल पर आवश्यक व्यवस्था करेगा। यदि संपत्ति किसी नगर निकाय क्षेत्र के अंतर्गत आती है, लेकिन उसकी रजिस्ट्री किसी अन्य निबंधन कार्यालय में कराई जा रही है, तो भी संबंधित नगरपालिका क्षेत्र के लिए निर्धारित सरचार्ज की वसूली सुनिश्चित की जाएगी।  इस प्रकार संपत्ति के स्थानांतरण पर लागू नए प्रावधान का पालन संबंधित अधिकारियों को करना होगा।  इस तरह नगर निगम को अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी, लेकिन जनता पर बोझ बढ़ेगा,  महंगाई से कराह  रही आम जनता पर कर का एक और बोझ लाद  दिया गया है.