Jharkhand

धनबाद में फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से फ्लैट की रजिस्ट्री का आरोप, पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): धनबाद में जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. पीड़िता खुशबू परवीन ने आरोप लगाया है कि उनकी जगह दूसरी महिला को खड़ा कर फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की गई और उसी के आधार पर उनके फ्लैट और जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई. इस मामले में उन्होंने बैंक मोड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मो. जस्मीदीन अंसारी, अख्तर जमाल, मंजुल हक और गुलजार अहमद को नामजद आरोपी बनाया है.

यह मामला धनबाद के शुभान अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट से जुड़ा है. पीड़िता के अनुसार, कुछ लोग फ्लैट पर पहुंचे और उसे अपना बताते हुए खाली कराने का दबाव बनाने लगे. इसके बाद जब उन्होंने दस्तावेजों की जांच कराई तो कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ. उनका आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति की रजिस्ट्री कर दी गई.

पीड़िता ने निबंधन विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि इतनी बड़ी धोखाधड़ी संबंधित विभाग की लापरवाही या मिलीभगत के बिना संभव नहीं है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

मामले में पीड़िता के पिता मोहम्मद युसुफ और अधिवक्ता काजी सीराज अहमद ने भी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए किसी की संपत्ति हड़पने की कोशिश गंभीर अपराध है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए.

फिलहाल बैंक मोड़ थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह धनबाद में जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े का मामला साबित हो सकता है.

रिपोर्ट- नीरज कुमार