Jharkhand

रेल यात्रियों के लिए अलर्ट: धनबाद मंडल में 15 से ज्यादा ट्रेनें हुई रद्द, कई एक्सप्रेस रूट में भी हुआ बदलाव

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): धनबाद रेल मंडल से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है. रेलवे द्वारा सोननगर–पतरातू रेलखंड पर चल रहे मेंटेनेंस और नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण 21 जून से 30 जून 2026 तक कई ट्रेनों के संचालन में बड़े बदलाव किए गए हैं. इस दौरान 15 से अधिक पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई प्रमुख ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा. साथ ही बरवाडीह (BRWD) स्टेशन पर कुछ ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी समाप्त कर दिया गया है.

रेलवे के अनुसार, निर्माण और तकनीकी कार्यों को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है. सबसे ज्यादा असर स्थानीय यात्रियों पर पड़ेगा, क्योंकि कई पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित अवधि तक नहीं चलेंगी. रांची-सासाराम एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी रद्द सूची में शामिल किया गया है.

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द करने के बजाय वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है. इनमें धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, हटिया-नई दिल्ली गरीब रथ, रांची-नई दिल्ली राजधानी, टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस और रांची-वाराणसी इंटरसिटी जैसी ट्रेनें शामिल हैं. ये ट्रेनें निर्धारित अवधि में बदले हुए रूट से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी.

नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 23 से 27 जून तक बरवाडीह स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त कर दिया गया है. रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस दौरान डीटीओ (DTO) और महुआमिलन (MAZ) जैसे वैकल्पिक स्टेशनों का उपयोग करें. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति, समय और रूट की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से प्राप्त करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके.