Jharkhand

NEET पेपर लीक और JPSC-CGL में गड़बड़ी पर AISA का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
NEET पेपर लीक और JPSC-CGL में गड़बड़ी पर AISA का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

धनबाद(DHANBAD):नीट परीक्षा पेपर लीक और झारखंड में जेपीएससी सीजीएल परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर सोमवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक के समीप ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. साथ ही झारखंड में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री से भी इस्तीफा देने की मांग की. AISA लंबे समय से परीक्षा पारदर्शिता और शिक्षा संबंधी मुद्दों पर आंदोलन करता रहा है.

शिक्षा मंत्री से इस्तीफा की मांग

वही प्रदर्शन के दौरान AISA के केंद्रीय उपाध्यक्ष जगजीत बनर्जी ने कहा कि आज देश में किसी भी स्तर की परीक्षा सुरक्षित नहीं रह गई है.उन्होंने आरोप लगाया कि क्लास 10 से लेकर सीजीएल और नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं तक के पेपर लीक हो रहे है. उनका कहना था कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रही है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए.

राज्य में शिक्षा व्यवस्था बदहाल

 वहीं AISA की छात्र नेत्री सेन्हा महतो ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है.उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड में शैक्षणिक सत्र लगातार विलंब से क्यों चल रहा है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में धांधली का आरोप लगाते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री से जवाब मांगा और कहा कि यदि सरकार छात्रों को समय पर और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं करा सकती तो शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए.

रिपोर्ट-नीरज कुमार