Jharkhand

कतरास के बाद लोयाबाद धंसान की चपेट में, देखिये कैसे परिवार तो बच गया लेकिन घर हो गया जमींदोज

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): कोयलांचल की धरती अब डरा रही है. रोज कहीं न कहीं धंसान की घटनाएं हो रही हैं लोयाबाद के सात नंबर में रविवार को धंसान  की एक बड़ी घटना हुई है. रविवार को अचानक तेज आवाज के साथ एक घर धंसान की चपेट में आ गया, घर जमींदोज हो गया है. उसके बाद बड़े आकार का गोफ बन गया. घनी आबादी के बीच इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घर में मौजूद लोग बाल बाल बच गए, लेकिन कमरे में रखा सामान जमीन में चला गया.  

जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार लगभग 11:00 की है. उस समय घर के लोग घर में ही मौजूद थे. इस दौरान एक कमरे की जमीन धंसने लगी. डर कर लोग कमरे से बाहर निकल गए. कुछ ही देर में पूरा घर जमीन में चला गया.  फिर तो भीड़ जुट गई, आसपास के लोगों ने पहुंचकर परिवार के सदस्यों को सामान बाहर निकालने  में मदद की. सूचना यह भी है कि घर के मालिक यहां नहीं रहते है. उनका परिवार रहता है. घटनास्थल के बगल के घर भी धंसान  की चपेट में आए हैं. घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस और कोलियरी प्रबंधन  घटनास्थल पर पहुंचे, सुरक्षा को देखते हुए घटनास्थल को घेर दिया गया है. 

उल्लेखनीय है कि कोलियरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को खुद नहीं मालूम कि उनके पैरों के नीचे की जमीन कब धंस जाएगी? कब जमीन फट जाएगी, कब घर में दरार आ जाएगी और कब देखते ही देखते पूरा आशियाना जमीन में समा जाएगा? यहां रहने वाले लोगों के सिर पर हर वक्त जान का खतरा मंडराता रहता है. दिन हो या रात, भू-धंसान  की चिंता लोगों को सताती रहती है. घटना होने के बाद नेता पहुंचते जरूर हैं, मौके पर पहुंचकर लोगों से मिलते हैं, हालात देखते हैं और अपने भाषणों में एक-दूसरे पर दोषारोपण कर निकल लेते है. आश्वासन दिए जाते हैं और कार्रवाई की बातें होती हैं, लेकिन कुछ दिन बीतने के बाद वही स्थिति फिर सामने आ जाती है.