धनबाद(DHANBAD) | टुंडी के सीएचसी में प्रसव के बाद बच्ची की मौत के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. उपायुक्त आदित्य रंजन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है. 12 नवंबर को सीएचसी में प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई थी. परिजनों ने चिकित्सा में लापरवाही, एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने का आरोप लगाया था. इन आरोपों पर अब जांच शुरू हो गई है. ड्यूटी के दौरान तैनात दो महिला चिकित्सकों से शो कॉज किया गया है. 24 घंटे के भीतर उन्हें अपना पक्ष रखने को कहा गया है. साथ ही लेबर रूम में कार्यरत दो एएनएम को लेबर रूम से हटा दिया गया है. बुलाए जाने के बाद भी ममता वाहन चालक के नहीं आने से उसका अनुबंध रद्द कर दिया गया है. बता दें कि इस घटना के बाद भारी बवाल हुआ था. आक्रोशित लोगों ने 5 घंटे तक सड़क जाम कर दी थी.
12 नवंबर को प्रसव के बाद नवजात की हो गई थी मौत
बताया गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), टुंडी में 12 नवंबर, 2026 को प्रसव के बाद एक नवजात बच्ची की मृत्यु से संबंधित समाचारों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने त्वरित संज्ञान लिया हैं. उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन को इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने तथा लापरवाही बरतने वाले दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है. उपायुक्त के निर्देश के आलोक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टुंडी से घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई।
दोपहर करीब 12:30 बजे बिगड़ने लगी थी तबीयत
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा सिविल सर्जन, धनबाद को समर्पित जांच रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 12.11.2026 को सुबह 02:32 बजे ग्राम टुंडी भूरसाबाँक निवासी श्रीमती करीना कुमारी (उम्र-25 वर्ष) को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ,टुंडी में भर्ती कराया गया था. सुबह 07:24 बजे सामान्य प्रसव के माध्यम से एक बच्ची का जन्म हुआ, जिसका वजन 2.270 किलोग्राम था. जन्म के समय बच्ची पूरी तरह सामान्य थी और उसे विटामिन-के का टीका भी लगाया गया था. दोपहर करीब 12:30 बजे नवजात के पिता नीरज कुमार सिंह द्वारा बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना दी गई.ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. पूजा कुशवाहा द्वारा जांच करने पर पाया गया कि बच्ची रो नहीं रही थी, जिसके बाद तत्काल बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, धनबाद रेफर कर दिया गया।
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों से शो कॉज
उपायुक्त के निर्देश पर सिविल सर्जन ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत सुमन तथा डॉ. पूजा कुशवाहा को शोकॉज जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है. साथ ही एएनएम श्रीमती शांति मारग्रेट हारुन और श्रीमती पुष्पलता कुमारी को लेबर रूम से कार्यमुक्त करते हुए अन्य स्थान पर कार्य आवंटित किये गए हैं. इसके अलावा रेफर करने के समय परिजनों द्वारा बुलाए जाने पर अनुपस्थित पाए जाने के कारण ममता वाहन चालक सुरेंद्र सिंह से एमओयू को समाप्त किया गया है. जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त होने के उपरांत सिविल सर्जन के स्तर से मामले की गहन समीक्षा की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
