दुमका(DUMKA): दुर्गापूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा पर्व में खलल डालने की मंशा रखने वालों को कड़ा संदेश देने के लिए शनिवार को दुमका में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला. नगर थाना से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए दुधानी तक पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे निर्भीक होकर मां दुर्गा की आराधना करें, उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है.
वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में निकला मार्च
सीओ अमर कुमार, एसडीपीओ दिलीप खलखो और डीएसपी संदीप भगत के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया. इसमें काफी संख्या में सुरक्षाकर्मी शामिल हुए. मार्च के जरिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश देने के साथ लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से दुर्गापूजा मनाने की अपील की गई.
अफवाहों से बचें, संदिग्ध गतिविधि की दें सूचना
एसडीपीओ दिलीप खलको ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना है कि पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी ने शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी.
सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद
एसडीपीओ ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. आपसी प्रेम व भाईचारे के साथ पर्व मनाएं. यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें. सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है.