धनबाद (DHANBAD): जिले के निरसा में एक इंटरकास्ट शादी इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है. यहां के निवासी विपुल मंडल और बिहार के नवादा जिले की रहने वाली राहत प्रवीण ने सभी सामाजिक सीमाओं से ऊपर उठकर शादी कर लिया. दोनों का कहना है कि यह फैसला उन्होंने अपनी इच्छा से लिया है.
विपुल मंडल और राहत प्रवीण की मुलाकात साल 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती चली गई. समय के साथ दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने लगे और उनका रिश्ता प्रेम में बदल गया. करीब दो सालों तक एक-दूसरे को जानने और समझने के बाद दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया.
इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया और हिंदू रीति-रिवाज से शादी की. शादी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए दोनों ने साफ किया कि यह शादी किसी दबाव या मजबूरी का परिणाम नहीं है. राहत प्रवीण ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है और उन पर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था. वहीं विपुल मंडल ने कहा कि दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते है. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि बदलते दौर में युवाओं की सोच भी बदल रही है और वे रिश्तों को धर्म या जाति के बजाय आपसी विश्वास और समझदारी के आधार पर देख रहे हैं.
रिपोर्ट : नीरज कुमार
